मेदिनीनगर (पलामू) : रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन (12453/12454) का श्री बंशीधरनगर (नगर उंटारी) रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा. विदित हो कि उक्त ट्रेन के ठहराव के लिए श्री बंशीधरनगर, गढ़वा की जनता की ओर से लगातार मांग की जा रही थी. इस संबंध में पलामू के सांसद बीडी राम ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान मंडल रेल प्रबंधक धनबाद, हाजीपुर जोन के रेल महाप्रबंधक, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पत्राचार तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर भी मांग की थी. (नीचे भी पढ़ें)
पलामू सांसद श्री राम ने बताया कि उक्त ट्रेन के ठहराव के लिए बहुत जल्द तिथि निर्धारित कर तथा श्री बंशीधरनगर रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम आयोजित कर रांची नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के विधिवत ठहराव का शुभारंभ किया जाएगा. इस ट्रेन के श्री बंशीधरनगर स्टेशन पर ठहराव से यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी.














