गम्हरिया : टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर गम्हरिया थाना अंतर्गत उषा मोड़ पर गुरुवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे घटनास्थल पर मौजूद रूपेश महतो एवं प्रताप महतो ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गम्हरिया सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका ईलाज चल रहा है. घायल की पहचान प्रेम पूर्ति के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या जेएच05एएच- 6666 पर सवार प्रेम पूर्ति गम्हरिया से उषा मोड की ओर आ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

जहां उषा मोड चौराहे के निकट टिप ट्रेलर संख्या एनएल02के- 5087 ब्रेक डाउन अवस्था में खड़ा था. अंधेरा होने और टेलर के पीछे रेडियम का इंडिकेटर नहीं होने के कारण कार सवार ने ट्रेलर को नहीं देखा और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. ट्रेलर चालक ने बताया कि डीजल समाप्त होने के कारण गाड़ी मुख्य मार्ग पर खड़ी थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.




