जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) में 23 व 24 मार्च तक प्रमंडल स्तरीय ‘पीएमएफएमइ महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव द्वारा 23 मार्च को किया जाएगा. इसी क्रम में जमशेदपुर के उपायुक्त अनन्य मित्तल एवं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान द्वारा कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया. मौके पर जीएम डीआइसी रवि शंकर प्रसाद, डीटीओ धनंजय व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उन्होने मंच निर्माण, पंडाल, आंगतुकों के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, सुगम यातायात व्यवस्था, स्टॉल निर्माण तथा विधि व्यवस्था संधारण की समीक्षा कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में पीएमएफ़एमइ के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के वित्त पोषित इकाइयों द्वारा अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मंत्री द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में असंगठित रूप से कार्य कर रहे छोटे उद्यमियों को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का निर्माण करना है. पीएमएफ़एमइ की मदद से सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को वित्तीय, तकनीकी और व्यावसायिक सहायता दी जाती है. यह योजना खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को विकसित करने, उनका विस्तार करने और उनका उन्नयन करने में मदद करती है.



