पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के लावा गांव के राहरडीह टोला व बिड़रा गांव में हुई अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. रविवार की रात को लावा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. करीब 26 वर्षीय युवक फुचू माझी ने अपने घर में ही रस्सी के सहारे फांसी लगा ली. वह विवाहित था और घर में उसकी पत्नी व करीब 4 साल की एक बेटी के अलावा माता-पिता भी हैं. घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. ग्रामीणों के अनुसार वह नशे का आदी था. इस संबंध में थाना प्रभारी करमपाल भगत ने बताया कि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी घटना सोमवार की है. बिड़रा गांव में दोपहर में 18 वर्षीय एक लड़की टुम्पा कैवर्त ने अपने घर से थोड़ी दूर एक आम के पेड़ में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना पाकर पहुंचे थाना प्रभारी करमपाल भगत ने बताया कि मामले में लड़की की मानसिक स्थिति खराब होने की जानकारी मिली है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. फांसी लगाने की जानकारी पिता भगीरथ कैवर्त को जैसे ही मिली, उसे तुरत ही पेड़ से उतारकर पटमदा के माचा अस्पताल ले जाकर इलाज कराना चाहा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.




