मेदिनीनगर (पलामू) : रांची में झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय फोटो प्रतियोगिता में पलामू के प्रसिद्ध प्रेस फोटोग्राफर सैकत चटर्जी को पत्रकारिता श्रेणी (जर्नलिज्म कैटेगरी) में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार उन्हें उनके उत्कृष्ट फोटोजर्नलिज्म कौशल के लिए प्रदान किया गया है. एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चास, बोकारो के सागर परमार को द्वितीय तथा धनबाद के राज कुमार सिंह को तृतीय पुरस्कार मिला है. निर्णायक मंडल में रांची के वरीय प्रेस फोटोग्राफर मानिक बोस एवं जगदीश सिंह शामिल थे. पुरस्कार प्राप्त करने के बाद सैकत चटर्जी ने कहा, “यह पुरस्कार मैं अपने पलामू को समर्पित करता हूं. (नीचे भी पढ़ें)
यह सफलता उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझे प्यार दिया, मेरे कार्य की सराहना की और सहयोग किया. ” उन्होंने आगे कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लोहरदगा के वरीय छायाकार विनोद सोनी ने उन्हें प्रेरित किया, जिसके लिए वे आभारी हैं. ज्ञात हो कि सैकत चटर्जी पिछले 38 वर्षों से पलामू से देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं और समाचार पत्रों के लिए कार्य कर रहे हैं. वे देश के प्रसिद्ध फोटोग्राफर संगठन ‘धनबाद कैमरा क्लब’ के सचिव भी रह चुके हैं. सैकत चटर्जी की इस सफलता पर धनबाद कैमरा क्लब के अध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव, पलामू के वरिष्ठ प्रेस छायाकार राजेश कुमार, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर आयुष सिंह, विजय कश्यप, विनय सिन्हा, प्रेम प्रकाश, करुणा करण, विश्वजीत मेहता, राजा गुप्ता एवं अनुज कुमार सहित अनेक फोटोग्राफरों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है. साथ ही कहा कि यह उपलब्धि न केवल पलामू के लिए गौरव का विषय है, बल्कि राज्य के उभरते फोटोग्राफरों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है.




