पोटका: पोटका के विधायक संजीव सरदार ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय के समीप नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का औचक निरीक्षण किया . विदित हो कि विधायक संजीव सरदार की अनुशंसा पर सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोटका में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण किया जा रहा है, भवन निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण होने के कगार पर है . (नीचे भी पढ़े)
विधायक द्वारा निरीक्षण के दौरान अस्पताल भवन में बने आपरेशन थियेटर, लेबर रूम, मेल फीमेल वार्ड, चिकित्सक कार्यालय, डॉक्टर क्वार्टर, एएनएम क्वार्टर ,स्ट्रीट लाइट, शवगृह समेत अन्य कार्यो का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण में कार्यो में कुछ खामिया पाई गई जिसे अविलंब सुधार कर कार्य को एक माह के अंदर पूर्ण करने का निर्देश उपस्थित संवेदक को दिया . मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पूर्व में पोटका मुख्यालय में स्थित सीएचसी का भवन काफी जर्जर हो गया था, जिससे कि वहां इलाज के लिए आनेवाले मरीजों एवं परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. (नीचे भी पढ़े)

अस्पताल में बेड की संख्या कम होने के कारण भी मरीजों को दाखिला नहीं मिल पाता था राज्य सरकार द्वारा जिसको देखते हुए 30 बेड के अस्पताल का निर्माण पोटका में कराया जा रहा है . उन्होंने कहा कि आज के निरीक्षण में कुछ खामिया पाई गई है जिसे सुधार कर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है. कार्य गुणवत्तापूर्ण हो जाने के बाद जल्द ही यह अस्पताल में मरीजो का इलाज शुरू हो जाएगा. इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ योगेश्वर प्रसाद, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रजनी महाकुड़ आदि उपस्थित थे.



