चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के माटियाबांधी पंचायत में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के मामले में शुक्रवार देर रात को प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा के बयान पर चाकुलिया थाना में माटियाबांधी पंचायत सचिव सुनील महतो और बीएलई सपन महतो के खिलाफ नामजद प्राथमिक दर्ज की गयी है. प्राथमिक दर्ज होने के बाद पुलिस ने सुनील महतो और सपन महतो को हिरासत में ले लिया है. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है.
जानकारी हो कि विगत रात को घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंन्द्र और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर चाकुलिया थाना पहुंचे थे. इसके बाद पंचायत सचिव और बीएलई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक 2024 – 25 में 4400 जन्म प्रमाण पत्र निर्गत हुए हैं. इनमें 3685 अन्य समुदाय के, 715 मुस्लिम समुदाय और 11 थर्ड जेंडर के लिए जन्म प्रमाण पत्र शामिल हैं. यह जांच का विषय है कि निर्गत किए गए जन्म प्रमाण पत्रों में कितने प्रमाण पत्र फर्जी हैं और कितने वैध हैं.




