आदित्यपुर : आरआइटी थाना पुलिस ने कुलुपटांगा राधा स्वामी सत्संग के समीप पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर कुल्हाड़ी से हुए हमले के आरोपी, राजेंद्र मार्डी को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. जानकारी देते हुए आरआइटी थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि 15 मई की रात 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुलुपटांगा के बाबा आश्रम के पास एक व्यक्ति ने भोला बिरुआ उर्फ रीतेश बिरुआ एवं उसकी प्रेमिका सुनीता मार्डी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रेमी- प्रेमिका को उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान भोला बिरुआ की मृत्यु हो गई. घटना को लेकर अजित बिरुआ ने अभियुक्त राजेंद्र मार्डी के खिलाफ आरआइटी थाना में लिखित मामले दर्ज करवाए थ. मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने अभियुक्त राजेंद्र मार्डी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्त सरायकेला थाना क्षेत्र के मझला दावना गांव का निवासी है.



