जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम शाखा की ओर से गर्मी के दिनों में रक्त की बढ़ती जरूरत एवं जरूरतमंद लोगों को होनेवाली परेशानियों के मद्देनजर त्वरित रक्त समाधान का प्रयास किया जा रहा है. इस क्रम में आज रेड क्रॉस के कम्पोनेंट डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह की देखरेख में 1 रेयर ग्रुप ए निगेटिव के जरूरतमंद के लिए रक्तदान के साथ ही 3 जरूरतमंदों को सिंगल डोनर प्लेटलेट्स उपलब्ध कराये गए. टाटा स्टील कर्मी आकाश कुमार ने आज रेड क्रॉस के अनुरोध पर ए निगेटिव रक्तदान किया, जो एक जरूरतमंद के जीवन के लिए अति आवश्यक था. इसी क्रम में दिनेश कुमार सिंह, जो टाटा स्टील के कर्मचारी एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेम्बर भी हैं, ने मानवता का परिचय देते हुए आज अपना 19वां एसडीपी दान किया. (नीचे भी पढ़ें)

नियमित रक्तदान में 14 रक्तदान के साथ उन्होने 33वां रक्तदान पूरा किया है. इसी क्रम में ए आलम ने अपने 21वें एसडीपी दान के साथ 24 नियमित रक्तदान से 45वां रक्तदान पूरा किया, वहीं टाटा स्टील सुरक्षा विभाग में कार्यरत युवा व हर समय दूसरों को जीवनदान देने के लिए एसडीपी डोनेशन को तैयार रहने वाले सौमेन्द्र बस्तिया ने 16वीं बार एसडीपी डोनेशन एवं 32 नियमित रक्तदान के साथ अपना 48वां रक्तदान पूरा किया. आज इस अभियान में रक्तदाताओं के साथ उनके उत्साहवर्धन को एसडीपी डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह भी उपस्थित थे. रक्तदाताओं का उत्साह बढाने में जमशेदपुर ब्लड बैंक के वरीय चिकित्सक डॉ एलबी सिंह एवं वरीय तकनीशियनों ने रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित कर उनका उत्साह बढाया.











