अलीपुर दुआर (पश्चिम बंगाल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के अलीपुर दुआर में जनसभा को संबोधित करते हुए वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निर्मम बताते हुए उन पर एवं उनकी सरकार पर तीखे हमले किये. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पार्षद लोगों के घरों को जलाने के लिए चिह्नित करने में शामिल थे. उनकी यह टिप्पणी वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ 11 और 12 अप्रैल को मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज और धुलियान इलाकों में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के हफ्तों बाद आई है. दंगों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए. (नीचे भी पढ़ें)

मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मुर्शिदाबाद में जो कुछ हुआ, मालदा में जो कुछ हुआ, वो यहां की टीएमसी सरकार की निर्ममता का उदाहरण है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब टीएमसी सरकार के सिस्टम पर भरोसा नहीं रहा. बंगाल की जनता के पास अब सिर्फ कोर्ट का ही आसरा है. इसलिए पूरा बंगाल कह रहा है – बंगाल में मची चीख-पुकार, नहीं चाहिए निर्मम सरकार! उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण के नाम पर गुंडागर्दी की खुली छूट दी गई. कल्पना कीजिए कि जब सरकार चलाने वाली पार्टी के लोग लोगों के घरों को पहचान कर जला दें और पुलिस मूकदर्शक बनी रहे, तो क्या भयावह स्थिति होगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रधानमंत्री ने बंगाल के गरीब लोगों से सवाल किया कि क्या सरकार ऐसे चलती है? यहां हर मुद्दे पर कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ता है, नहीं तो कोई हल नहीं निकलता. बंगाल के लोगों को अब टीएमसी सरकार पर भरोसा नहीं रहा. उन्होंने कहा कि टीएमसी सरकार ने अपने शासनकाल में हजारों टीचर्स का फ्यूचर बर्बाद कर दिया है. टीएमसी के घोटालेबाजों ने सैकड़ों गरीब परिवारों के बेटे-बेटियों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है. मोदी ने कहा कि आज देशभर में 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है. मैं तो चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल में भी 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिले, लेकिन टीएमसी सरकार ये नहीं करने दे रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने जो बर्बरता की, उसके बाद पश्चिम बंगाल में भी बहुत गुस्सा था. आपके भीतर जो आक्रोश था, आपका जो गुस्सा था, उसको मैं भलीभांति समझता था. आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने का दुस्साहस किया. हमारी सेना ने उनको सिंदूर की शक्ति का अहसास करा दिया. उन्होंने कहा कि हमने आतंक के उन ठिकानों को तबाह किया, जिसकी पाकिस्तान ने कल्पना तक नहीं की होगी. आतंक को पालने वाले पाकिस्तान के पास दुनिया को देने के लिए सकारात्मक कुछ भी नहीं है. जब से वह अस्तित्व में आया है, तब से ही उसने सिर्फ आतंक को पाला है. (नीचे भी पढ़ें)
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत के विकास के बिना समृद्ध भारत की कल्पना नहीं की जा सकती. इसी सोच के साथ केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की कई परियोजनाएं शुरू की हैं. उन्होंने दुर्गापुर एक्सप्रेसवे और श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह के आधुनिकीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया है. (नीचे भी पढ़ें)
अलीपुर दुआर के महत्व की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह भूमि सिर्फ सीमाओं से नहीं बल्कि संस्कृतियों से जुड़ी है. उन्होंने इसकी भौगोलिक स्थिति का वर्णन करते हुए कहा कि एक ओर भूटान की सीमा है, दूसरी ओर असम का अभिनंदन है. एक ओर जलपाईगुड़ी का सौंदर्य है तो दूसरी ओर कूचबिहार का गौरव है. पीएम मोदी ने इस समृद्ध भू-भाग पर उपस्थित लोगों के दर्शन करने का सौभाग्य मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उनका यह दौरा पश्चिम बंगाल के लिए विकास और कनेक्टिविटी के नए द्वार खोलने का संकेत देता है.



