जमशेदपुर : यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. दक्षिण पूर्व रेलवे ने 6 जून आज शुक्रवार से टाटानगर-चाईबासा और टाटानगर-चाकुलिया के बीच मेमू पैसेंजर ट्रेनों को शुरू कर दिया है. शुक्रवार को सांसद विद्युत वरण महतो ने टाटानगर स्टेशन पर दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, रेल डीआरएम तरुण हुरिया समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस मौके पर स्टेज पर जमशेदपुर भाजपा के अध्यक्ष सुधांशु ओझा भी मौजूद थे. यहां हरी झंडी दिखाकर इन दोनों ट्रेनों को रवाना किया गया. यह लोगों की डिमांड थी, जिसको सांसद विद्युत वरण महतो ने पूरा किया. इस मौके पर भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नीरज सिंह, सोनारी मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, सांसद के प्रतिनिधि संजीव कुमार समेत कई रेल अधिकारी भी मौजूद थे. इस मौके पर सांसद ने कहा कि वे रेल की कई परियोजनाओं को फलीभूत करने का प्रयास कर रहे है. इसका बेहतर परिणाम जल्द सामने आयेगा. रेल प्रशासन ने यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लिया है. खासकर दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी. ट्रेन संख्या 68137 हर दिन रात 08:55 बजे टाटानगर से प्रस्थान करेगी और 11:00 बजे चाईबासा पहुंचेगी. इस दौरान आदित्यपुर, गम्हरिया, बीरबांस, सीनी, महालीमुरुप, राजखरसावां और पांड्रासाली में ठहराव एक एक मिनट का दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वापसी में ट्रेन संख्या 68138 चाईबासा से सुबह 03:20 बजे रवाना होगी और 05:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी. इसका ठहराव भी वहीं होगा. टाटानगर-चाकुलिया मेमू ट्रेन संख्या 68128 रविवार छोड़कर प्रतिदिन यह ट्रेन चलेगी. टाटानगर से यह ट्रेन सुबह 11 बजे खुलेगी और चाकुलिया दोपहर 12.45 बजे पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 68127 चाकुलिया टाटानगर शनिवार छोड़कर प्रतिदिन चलेगी. दोपहर 03:00 बजे चाकुलिया से खुलेगी और शाम 05:00 बजे टाटानगर पहुंचेगी. इसका ठहराव सलगाझारी, गोविंदपुर, आसनबनी, राखा माइंस, गालूडीह, घाटशिला, चिरुगोड़ा, धालभूमगढ़, कोकपाड़ा सहित अन्य स्टेशनों पर दिया गया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन ट्रेनों के परिचालन से टाटानगर, चाईबासा, चाकुलिया समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा.



