जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उलीडीह थाना समिति का प्रतिनिधिमंडल आज थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह की अगुवाई में उलीडीह थाना प्रभारी से उनके कार्यालय में मिला और विधि व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मामलों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा. इस दौरान मुख्य रूप से जदयू जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू समेत जिला के कई पदाधिकारी मौजूद थे. ज्ञापन में थाना क्षेत्र में विधि व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर थाना प्रभारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया. गृहभेदन, चोरी, छिनतई सहित अन्य की घटनाएं बीते कुछ दिनों में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घटित हो रही है. घरों का ताला तोड़कर शातिर बदमाश लोगों के कीमती आभूषण व नकद उड़ा ले जा रहे है. चेन छिनतई आम बात हो गई है. महिलाओं का सड़क पर पैदल चलना दुश्वार हो गया है. बाइक पर सवार बदमाश सुनसान इलाके में महिलाओं के सीने से झपट्टा मारकर चेन छिनतई कर ले रहे है. क्षेत्र में नशा खोरी की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही है. प्रतिबंधित नशीली देवाओं की बिक्री जोरों पर है. नशे की लत में युवा अपराध की राह पकड़ रहे है और ये कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहा है. क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग नियमित रूप से नही हो रही है. जिसका लाभ असामाजिक तत्व उठा रहे है. रिहायशी इलाके में वे अड्डाबाजी कर रहे है. लोग इनके डर से पुलिस से शिकायत करने से कतरा रहे है. जमीन विवाद के कई मामले सामने आ रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
भू–माफिया सरकारी जमीन का अवैध कारोबार तेजी से संचालित कर रहे है. कई इलाकों में एक ही जमीन को कई लोगों को एग्रीमेंट पर बेच कर फर्जीवाड़ा किया जा रहा है. ऐसे जमीन दलालों एवं भू– माफिया को चिन्हित कर अनपर कारवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. क्षेत्र में जितने भी अवैध शराब कारोबार करने वाले एवं मटका– जुवा अड्डा संचालित करने वाले हैं सब पर कारवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. जदयू नेताओं ने मांग की कि उलीडीह थाना क्षेत्र को अपराधमुक्त, भयमुक्त बनाने एवं शान्तिपूर्ण– सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करने के लिए यथोचित कदम उठाया जाए. थाना प्रभारी ने जदयू नेताओं को आश्वस्त किया कि थाना स्तर पर अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कारवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस दौरान मुख्य रूप से जदयू जिला सचिव विनोद सिंह, विकाश साहनी, जिला प्रवक्ता आकाश शाह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव सिंह, अशोक सिंह, उलीडीह थाना क्षेत्र महामंत्री ,मनोज गुप्ता , संजय सिंह, शंकर बनर्जी, मनोज ओझा, मनोज राय, बिजेंद्र सिंह, राहुल तिवारी, सागर दत्ता, योगेंद्र साहू, अभिजीत सेनापति आदि मौजूद थे.




