मेदिनीनगर (पलामू): जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती समीरा एस की अध्यक्षता में बुधवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में डीसी ने डीएमओ से पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली. डीएमओ सुनील कुमार ने अवैध खनन पर कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराया. इस दौरान उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने में खनन विभाग स्तर से अबतक अवैध परिवहन व खनन कर रहे कुल 78 वाहनों को जब्त किया गया है. साथ ही 34 लाख 8 हज़ार रुपये बतौर जुर्माना भी वसूला गया है. वहीं 7 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है. इसी तरह वन प्रमंडल पदाधिकारी स्तर से अवैध खनन से जुड़े 2 वाद दायर किया गया है, वहीं जिला परिवहन कार्यालय की तरफ से 16 वाहनों को जब्त कर 10 लाख 31 हज़ार रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया है. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावे अलग-अलग अंचलों के द्वारा की गयी कार्रवाई में 80 वाहन ज़ब्त किये गये हैं, जिसमें सबसे अधिक हुसैनाबाद में 11 वाहन ज़ब्त किये गये हैं. इसी क्रम में डीएमओ ने बताया कि विभिन्न अंचलो में अवैध बालू उठाव को रोकने को लेकर 17 स्थानों पर ट्रेंच कटिंग की कार्रवाई की गयी है. वहीं 24 चौकीदारों की नियुक्ति की गयी है.बैठक में डीसी ने एनजीटी के 10 जून से 15 अक्टूबर तक बालू नहीं उठाव करने वाले आदेश का जिले में पूर्णतया लागू करने की बात कही. उन्होंने इस कार्य में सीओ व थाना प्रभारी को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही.उपायुक्त ने वन विभाग,पुलिस और स्थानीय सीओ आपस में मिलकर अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वन विभाग,सीओ और थाना प्रभारी को गहन निगरानी करनी होगी,ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके.(नीचे भी पढ़े)
सनहा और एफआईआर का अलग-अलग प्रतिवेदन समर्पित करें : एसपी
बैठक में एसपी रिष्मा रमेशन ने कहा कि सीओ और थाना प्रभारी के स्तर से जो प्रतिवेदन भेजा जाता है उसमें सनहा और एफआईआर का अलग-अलग कैटगरी वाइज़ दर्ज नहीं होता, जिससे कन्फ्यूजन की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. उन्होंने सभी से सनहा और एफआईआर को अलग-अलग दर्शाते हुए रिपोर्ट भेजने की बात कही.इस अवसर पर उपरोक्त के अलावे वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सदर एसडीएओ, हुसैनाबाद एसडीओ, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी सीओ, सभी थाना प्रभारी समेत प्रदूषण से जुड़े लोग उपस्थित थे.



