जमशेदपुर : जमशेदपुर में बाढ़ के हालात और खतरनाक होते जा रहे है. जमशेदपुर की प्रमुख दो नदियां सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है. हालात यह है कि दोनों नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने लगे है. सुवर्णरेखा नदी का मानगो पुल पर खतरे का जलस्तर 121.50 मीटर है, लेकिन अभी नदी का जलस्तर 122.70 मीटर तक पहुंच चुका है. इसी तरह आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का जलस्तर 131.950 मीटर तक पहुंच गया है जबकि इसका खतरा का लेवल 129 मीटर है. जिला प्रशासन के मुताबिक, शाम को सात बजे ओडिशा का डैम भी खुलने वाला है. ओडिशा का ब्यांगबिल डैम को खोला जायेगा और उसमें से करीब 94 क्यूसेक पानी को छोड़ा जायेगा. वहां भी खूब बारिश के कारण डैम को खोला गया है. दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने माइकिंग निचले इलाकों में शुरू कर दी है. करीब दो सौ से अधिक मकान डूब चुके है. जमशेदपुर के बागबेड़ा, कदमा, सोनारी के निचले इलाके के अलावा रिहायशी इलाके के नाले के जाम हो जाने के कारण भी बाढ़ जैसे हालात हो गये है. दूसरी ओर, डूब क्षेत्रों में माइक के जरिये लोगों को सतर्क किया जा रहा है. लोगों को क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसके लिए भी गाइडलाइन जारी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
लोगों को कहा है कि भारी बारिश के दौरान सुरक्षात्मक कपड़े पहनें और घर के अंदर आश्रय ले. भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें. तूफान के दौरान संवेदनशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बिजली के तीव्र प्रवाह से बचाने के लिए उनका प्लग निकाल दें. नदी, नालों, सड़क के अंडरपास, जल निकासी खाइयों, निचले इलाकों और उन क्षेत्रों से बचें जहां पानी इकट्टा होता है वहां अप्रत्याशित रूप से बाढ़ आ सकती है या पानी ओवरफ्लो हो सकता है. खराब दृश्यता के कारण भारी बारिश में गाड़ी चलाने से बचें। यदि संभव हो तो, अपनी गाड़ी पार्क करें और तब तक प्रतीक्षा करें जब तक बारिश धीमी न हो जाए या रुक न जाए, उसके बाद ही अपनी यात्रा जारी रखें. (नीचे भी पढ़ें)
बाढ़ वाली सड़क पर गाड़ी चलाने की कोशिश न करें. पानी दिखने से ज्यादा गहरा और तेज हो सकता है और उसमें मलबा, नुकीली या खतरनाक चीजें, गड्ढे या बिजली के तार हो सकते हैं. तेज बहाव या बाढ़ के पानी में फंसने पर वाहन अस्थिर हो सकते हैं या बह भी सकते हैं. वाहन को विस्थापित करने के लिए बस कुछ इंच पानी ही काफी होता है. बिजली की लाइनों या विद्युत तारों से दूर रहें. यदि आपको कोई बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे तो वहां से दूर रहें और इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को दें. घर के अन्दर जेनरेटर का उपयोग न करें. जेनरेटर से कार्बन मोनोऑक्साइड उत्पन्न होती है, जो घातक हो सकती है. बाढ़ का पानी दूषित हो सकता है और उसमें मलबा या तेज बहाव जैसे खतरे छिपे हो सकते हैं. बाढ़ के पानी में तैराकी न करें. संभावित खतरों के कारण बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मनोरंजक गतिविधियों से बचें. स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को नजरअंदाज न करें. स्वच्छ पानी पिएं, सड़क पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतें. अचानक बाढ़ की चेतावनी एवं अलर्ट तथा मौसम चेतावनियों की जानकारी रखें.











