क्या आप जानते हैं कि अगर आपके नाम से लिए गए सिम का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी काम में किया जाता है, तो कानूनी पचड़े में आप ही फंसेंगे. आज के समय में जब सब कुछ डिजिटल है, किसी के नाम से भी सिम लेना कोई बड़ी बात नहीं है. हो सकता है कि आपके नाम से भी सिम लिए गए हों. हालांकि अब एक सरकारी ऐप की मदद से आप दो मिनट में पता कर सकते हैं कि आपके नाम से कोई और नंबर तो नहीं चला रहा. यही नहीं, इस ऐप की मदद से आप हाथोंहाथ ऐसे नंबर को बंद भी करवा सकते हैं. चलिए जानते हैं इस खास ऐप और गलत नंबर बंद कराने के तरीके के बारे में. (नीचे भी पढ़ें)
यह पता करने के लिए कि आपकी आइडी पर कितने और कौन से नंबर एक्टिव हैं, आप सरकारी वेबसाइट https://www.sancharsaathi.gov.in/ पर जाएं. यहां आपको Citizen-Centric Services पर क्लिक करके ‘Know Your Mobile Connections (TAFCOP)’ पर जाना होगा. यहां अपने मोबाइल नंबर, कैप्चा और OTP से पहचान वेरिफाई करें. इसके बाद आपको अपने आधार नंबर से जुड़े सभी मोबाइल नंबर स्क्रीन पर दिखाई दे जाएंगे. इस तरह से समय-समय पर आपको यह चेक करते रहना चाहिए कि आपके नाम से कोई और तो सिम नहीं चला रहा है. अगर आप ऐसा करते हैं, तो आप खुद को कई तरह के फ्रॉड और ठगों से सुरक्षित रख पाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
अब बात करते हैं ऐसे नंबर को बंद कराने की तो किसी ऐसे नंबर बंद कराने के लिए, जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है, “Not My Number” का ऑप्शन चुनना होगा. इस ऑप्शन के जरिए आप गलत नंबर की रिपोर्ट कर पाएंगे. नंबर की रिपोर्ट होने के बाद आपको इसका कन्फर्मेशन मैसेज के रूप में मिल जाएगा. इसके बाद उस गलत नंबर को डीएक्टिवेट करने का प्रोसेस शुरू हो जाएगा. बता दें कि डॉट सिम कार्ड का इस्तेमाल करके होने वाले फ्रॉड पर लगाम कसने में लगा हुआ है. अगर कोई शख्स किसी दूसरे के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सिम लेता पकड़ा जाता है, तो वह अगले 3 साल तक सिम नहीं ले पाएगा. डॉट की मुहिम के तहत अब तक लाखों नकली सिम कार्ड्स डिएक्टिवेट किए जा चुके हैं. साथ ही, सिम जारी कराने के लिए ई-केवाइसी सिस्टम और फेसियल वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिए गए हैं.














