रांची : झारखंड में एक जुलाई से शराब की खुदरा दुकानें बंद रहेंगी. दुकानों के बंद होने की वजह शराब दुकानों का हस्तांतरण है. हस्तांतरण की वजह से खुदरा दुकानों से शराब की बिक्री कम से कम तीन दिनों तक प्रभावित रहने की संभावना है. राज्य में खुदरा शराब बिक्री की कुल 1453 दुकानें हैं. वर्तमान नीति के तहत प्लेसमेंट एजेंसियों को 30 जून तक ही खुदरा शराब दुकानों से शराब बेचने की अनुमति है.(नीचे भी पढ़े)
राज्य में 30 जून तक खुदरा शराब की बिक्री सरकार करती थी. नयी उत्पाद नीति में शराब की खुदरा बिक्री के लिए दुकानों की नीलामी का प्रावधान किया गया है. दुकानों की नीलामी के लिए प्लेसमेंट एजेंसियों से दुकानों को बिवरेजेज कॉरपोरेशन के हवाले करने की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू होगी. दुकानों के हस्तांतरण के लिए उत्पाद विभाग ने वित्त विभाग से ऑडिटर की मांग की गयी थी. वित्त विभाग द्वारा शराब दुकानों के हस्तांतरण के दौरान लेखा जोखा तैयार करने के लिए ऑडिटर की टीम उत्पाद विभाग को उपलब्ध करा दिये जाने की सूचना है.



