रामगोपाल जेना, चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के एचएस सिग्मा क्लासेस में एचीवर्स मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मीट में देश के प्रतिष्ठित कंपनियों में पदस्थापित अधिकारियों ने उपस्थित होकर बच्चों को उनके भविष्य प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनिल महतो (रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड में उपप्रबंधक), परमानंद कुमार (टाटा मोटर्स लिमिटेड में वरिष्ठ प्रबंधक), सुधांशु महतो (रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड में वरिष्ठ अभियंता), उदित महतो (व्यवसायी) और नीतीश कुमार (शिक्षक) और एचएस सिग्मा के निदेशक हिमांशु महतो मुख्य रूप से मौजूद थे. सभी अतिथियों ने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया. इसके बाद बच्चों को बेहतर भविष्य और कैरियर बनाने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिया. बच्चों को प्रेरणा दी गयी कि वे शिक्षा से ही अपने भविष्य को संवार सकते हैं और फर्श से अर्थ तक का रास्ता तय कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़े)

मुख्य अतिथि अनिल महतो एवं परमानंद कुमार ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में उन्होंने इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि बच्चों का यह प्रारंभिक चरण ही वह नींव है, जहां यदि उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और एक्सपोजर दिया जाए तो वे न केवल खुद का भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि देश के लिए भी एक मजबूत स्तंभ बन सकते हैं. उन्होंने बताया कि आज के बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि कंपनी एक्सपोजर, वास्तविक जीवन के अनुभव और प्रोफेशनल दुनिया की समझ देना बेहद आवश्यक है, ताकि वे आने वाले समय में आत्मनिर्भर बन सकें और अपने कैरियर की दिशा स्पष्ट रूप से तय कर सकें. परमानंद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “जो बच्चा आज समझ जाएगा कि दुनिया कैसे चलती है, वह कल खुद दुनिया को चलाने की क्षमता रखेगा.
एचएस सिग्मा में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यह समझाया जाना था कि उन्हें अभी से दिशा और लक्ष्य निर्धारित करने की ज़रूरत है. कार्यक्रम में दोनों मुख्य अतिथियों ने बच्चों को बताया कि कैसे वे सही मार्गदर्शन के साथ अपने सपनों को साकार कर सकते हैं. एचएस सिग्मा क्लासेस का यह प्रयास ही रहा है कि बच्चों को प्रेरणा, मोटिवेशन और सही मार्गदर्शन प्रदान किया जाये. इस अवसर पर एचएस सिग्मा क्लासेस के बच्चे और अन्य मौजूद थे.



