जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर से स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकली एक नाबालिग छात्रा के लापता होने और कथित अपहरण का मामला सामने आया है. छात्रा 7 जुलाई की सुबह घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है. परिजनों ने परसुडीह थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया गया कि छात्रा सरदार बल्लव भाई पटेल हाई स्कूल छोटा गोविंदपुर में पढ़ती है. सोमवार की सुबह लगभग 8 बजे वह रोज़ की तरह स्कूल के लिए निकली थी. लेकिन जब वह तय समय तक स्कूल नहीं पहुंची और न ही घर लौटी, तब परिवार को उसकी चिंता सताने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. काफी प्रयासों के बाद भी जब छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन थाना पहुंचे और अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई परिजनों द्वारा दी गयी. जानकारी के अनुसार, उन्हें तीन मोबाइल नंबरों के बारे में जानकारी मिली है, जिनके धारकों पर छात्रा के अपहरण में संलिप्त होने का संदेह जताया गया है. ये नंबर हैं – 9621327148, 9264466065 और 9335839776. परिजनों ने ये नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं. पुलिस ने तीनों मोबाइल नंबर को ट्रैक पर लगा दिया है और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. तकनीकी साक्ष्य के साथ-साथ प्रत्यक्ष गवाहों से भी पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है.



