रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मण्डलों में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मठ/मंदिरों, शिक्षा, खेल, स्वावलम्बी शिक्षा, करियर निर्माण आदि से जुड़े गुरुजनों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया. इसी क्रम में बिरसा सेवा संस्थान, करंजो में गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस गुरुजी सम्मान कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मालती गिलुआ एवं नगर समिति चक्रधरपुर के नगर अध्यक्ष विमला प्रसाद, भाजपा एसटी मोर्चा के जिलाध्यक्ष तीरथ जामुदा मुख्य रूप से उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर मालती गिलुआ ने कहा कि शास्त्रों में गु का अर्थ अंधकार और रु का अर्थ उसका निरोध है. गुरु को गुरु इसीलिए कहा जाता है कि वह अंधकार को हटाकर प्रकाश की ओर ले जाता है. प्राचीन काल में शिष्य जब गुरु के आश्रम में निःशुल्क शिक्षा ग्रहण करते थे तो इसी दिन पूर्ण श्रद्धा के साथ अपने गुरु की पूजा का आयोजन करते थे. जीवन में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है. धर्म शास्त्रों में कहा गया है कि बिना गुरु के ईश्वर नहीं मिलता, इसलिए जीवन में गुरु का होना अत्यंत आवश्यक है. इस अवसर पर तीरथ जामुदा ने कहा कि गुरु को हमेशा से सम्मान मिलता आया है और आगे भी मिलता रहेगा. उन्होंने कहा कि गुरु ही दुनिया में आने के बाद ज्ञान का प्रकाश देता है, जिससे हमें लोक हित के कार्य करने में सुविधा होती है. उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलने से हम सभी को जरूर सफलता मिलती है. गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है. हम सभी को गुरु का सम्मान करना चाहिए. मौके पर कार्यक्रम संयोजक तीरथ जामुदा, संजय सिंह, प्रकाश महतो, संतोष महतो, शिल्पा मिश्रा, तारकेश्वर, शारदा मेलगांडी, मुकेश महतो, शिवलाल रवानी, नामनामी गागराई समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.



