आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस ने बीते 8 जुलाई को थाना क्षेत्र के रोड नंबर 6 निवासी संजय कुमार मोदी के घर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, 30 ग्राम सोने के आभूषण, 522 ग्राम चांदी के आभूषण और सिक्के तथा मारुति आल्टो कार चोरी होने के मामले का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में संजय गोराई उर्फ कैलाश, जावेद अंसारी उर्फ लालटू, रोहित कर्मकार उर्फ सिफुल लोहार, कुश कुमार सोनी और पंकज कुमार वर्मा शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से गलाया हुआ सोना 35.25 ग्राम (कीमत 3.75 लाख रुपये), चांदी के सिक्के व आभूषण 268.91 ग्राम (कीमत 33 हजार रुपये), 8 हजार रुपये नकद और चोरी गई मारुति आल्टो कार बरामद की है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.














