जमशेदपुर : भारत की प्रमुख ऑटो व नॉन-ऑटो घटक निर्माण कंपनी आरएसबी ग्लोबल ने अपने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव के प्रमुख मंच ‘एक पहल’ की तीसरी वर्षगांठ भव्यता और जोश के साथ जमशेदपुर के एक होटल में मनाई. “एक पहल, अनेक सपने” थीम के साथ आयोजित इस आयोजन में आरएसबी की विभिन्न इकाइयों की महिला कर्मचारियों ने पूरे जोश और गर्व के साथ भाग लिया. इस अवसर पर पद्मश्री व द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पूर्णिमा महतो, अर्थशास्त्री व लेखिका डॉ पूर्णिमा डोरे और एवरेस्ट पर्वतारोहन विजेता स्वर्णलता दलाई ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा एक मनोरंजक, प्रभावशाली और जागरूकता-प्रधान मंचन “कल की खोज, आज का बोझ”, जिसमें प्लास्टिक प्रदूषण जैसे गंभीर पर्यावरणीय मुद्दे को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया. इसके साथ ही, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, “मसाज टू द मासेस” जैसी प्रतीकात्मक गतिविधियां, और पिलर टीम लीडर्स की प्रेरक बातें इस आयोजन को जीवंत बनाती रहीं. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की सुंदर और प्रभावशाली एंकरिंग जया सिंह और ग़ज़ल भामरे ने की, जिनके आत्मीय संचालन ने समस्त कार्यक्रम को संपूर्णता प्रदान की. आरएसबी ग्लोबल की कार्यकारी निदेशक निर्मला बेहरा द्वारा आरंभ की गई ‘एक पहल’ आरएसबी में एक सशक्त आंदोलन बन चुकी है. यह चार मजबूत स्तंभों पर आधारित है, जिसमें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, शिक्षा एवं विकास, सुरक्षा और समुदाय सेवा शामिल है. इन स्तंभों के अंतर्गत कर्मचारियों को समाज और संगठन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा और शक्ति मिली है. इस अवसर पर वर्ष भर कार्य करने वाले स्तंभ नेताओं को उनकी प्रतिबद्धता और नवाचार के लिए सम्मानित किया गया. विशेष सराहना बिंदिया खंडका और मोनिका पैरा (कम्युनिटी इनिशिएटिव पिलर) और सुनिता भट्टमिश्र (सेफ्टी पिलर) को दी गई, जिनके समर्पण ने पूरे कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. (नीचे भी पढ़ें)

निर्मला बेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि एक छोटा कदम भी सपनों की श्रृंखला जगा सकता है. जो पहल एक छोटे प्रयास से शुरू हुई थी, वह आज एक प्रेरणादायक यात्रा बन चुकी है, जुनून, उद्देश्य और प्रगति की. हालांकि वे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, परंतु चेयरमैन आरके बेहरा और वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने अपने विचार साझा किए. आरके बेहरा ने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तब पूरा संगठन प्रगति करता है. ‘एक पहल’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समावेशी विकास की यात्रा है. एसके बेहरा ने कहा कि हर बड़ा बदलाव एक छोटे कदम से शुरू होता है. ‘एक पहल’ वही पहला कदम है, जो नेतृत्व, सपनों और बदलाव को पोषित करता है. नव-निर्वाचित पिलर लीडर्स के साथ अब ‘एक पहल’ की यात्रा एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है. यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि हर कदम मायने रखता है, और हर सपना अहम है.














