रांची: झारखंड विधानसभा के तृतीय सत्र के सफल व्यवस्थित और सुचारू संचालन को लेकर गुरुवार को झारखंड विधानसभा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने की. इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के विधायक दलों के नेता व प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में सीएम हेमंत सोरेन भी मौजूद थे. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने इस दौरान सदन में शालीनलता, सकारात्मक और रचनात्मक विमर्श की आवश्यकता पर बल दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी दलों से अपेक्षा जतायी कि वे जनहित के मुद्दों पर चर्चा में प्राथमिकता देंगे. उन्होंने कहा कि मानसून सत्र महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और नीतिगत चर्चाओं के लिए अवसर प्रदान करता है, ऐसे मे सभी दलों की रचनात्मक सहभागिता अपेक्षित है. (नीचे भी पढ़े)

बैठक में सदन के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया, जिसमें यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गयी कि सदन का वातावरण सौहार्दपूर्ण बना रहे और जनहति के मुद्दों पर गहन चर्चा हो सके. विदित हो कि इस बार का मानसून सत्र सात दिनों का होगा,जिसमे सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयकों को प्रस्तुत कर सकती है और विपक्ष भी राज्य की नीतियों, कानून व्यवस्था, विकास योजनाओं आदि पर सवाल उठा सकता है. इस तरह मानसून सत्र के पूर्व नेताओं की यह समन्वय बैठक सत्र को शांतिपूर्ण और प्रभावी रुप से संचालित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा सकती है.



