जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी विवाद को लेकर हुई चाइना चापड़ हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर के आजादनगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 निवासी है. पुलिस ने उसे चाईबासा स्थित बाल गृह भेज दिया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे वार्ड संख्या-21 खड़ीया कोचा में रंगदारी की मांग को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के दौरान 30 वर्षीय मुजाहिद हुसैन अंसारी ने इसका विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने चाइना चापड़ से हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
हमले में मुजाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर पर गहरी चोट आई. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि नाबालिग समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. एक आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. ओपी प्रभारी का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.



