आदित्यपुर : टिस्को मजदूर यूनियन के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे वरीय नेता केके त्रिपाठी का गुरुवार प्रातः लगभग 10 बजे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया. वे लगभग 92 वर्ष के थे. वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं. कल उनका अंतिम संस्कार पार्वती घाट पर होगा. कल, शुक्रवार सुबह 10 बजे से उनके आदित्यपुर 01 के मार्ग संख्या 18 स्थित आवास से उनकी शवयात्रा निकलेगी. समाज विज्ञानी रवीन्द्रनाथ चौबे ने स्व त्रिपाठी के निधन पर संवेदना व्यक्त की है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है. श्री चौबे ने कहा कि केके त्रिपाठी का निधन मजदूर आंदोलन के एक युग का अंत है. श्री चौबे ने बताया कि स्व त्रिपाठी टिस्को के मजदूरों की न्यायोचित मांगों को लागू कराने के लिए संघर्ष करने वाले प्रमुख नेता थे.



