आदित्यपुर : जयप्रकाश उद्यान के समीप दुर्गा पंडाल प्रांगण में पूर्व पार्षद नीतू शर्मा के नेतृत्व में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में वार्ड 17 के दर्जनों निवासी शामिल हुए, जिन्होंने क्षेत्र में सड़क की समस्या को लेकर गहरी नाराज़गी जताई. बैठक का मुख्य मुद्दा जयप्रकाश उद्यान के पास की वह सड़क रही, जिसका शिलान्यास इसी साल सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने किया था. उद्घाटन के बावजूद अब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के निवासियों में असंतोष बढ़ गया है. बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम से पुनः संपर्क कर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग की जाएगी. यदि ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के दौरान नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे. पूर्व पार्षद नीतू शर्मा और स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम अधिकारियों को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने की अपील की. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घट रही हैं और बरसात के मौसम में परेशानी और भी बढ़ जाती है. विदित हो कि वार्ड 17 के चर्चित टाटा-कांड्रा मार्ग से जयप्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक बनने वाली पीसीसी सड़क को लेकर नगर निगम के निकम्मेपन की वजह से सांसद जोबा माझी की फजीहत हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि वन विभाग ने करीब 920 मीटर की सड़क बनाने की सशर्त अनुमति दी थी, जिसमें कहा गया था कि एक साल के भीतर निर्माण नहीं हुआ तो एनओसी रद्द कर दी जाएगी. नगर निगम ने 72.63 लाख की अनुमानित लागत से भारद्वाज कंस्ट्रक्शन को टेंडर दिया और इसी साल जनवरी में सांसद जोबा माझी से सड़क का शिलान्यास भी करवाया गया. मगर वन विभाग की नियमावली का हवाला देकर संवेदक को काम करने से रोक दिया गया. इसके बाद से सड़क निर्माण ठप है और स्थानीय लोग नाराज़ हैं. निवर्तमान पार्षद के बुलावे पर रविवार को आयोजित सभा में पहुंचे लोगों का दर्द एक बार फिर छलक पड़ा. क्षेत्र वासियों ने कहा कि इतने लंबे संघर्ष के बाद भी उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया. लोगों ने नगर निगम के अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की और चेतावनी दी कि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन होगा.











