जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर नवरात्रि और मां दुर्गा के भक्ति रंग में रंग चुका है. नवरात्र के पहले दिन शहर के साकची स्थित मनोकामना मंदिर और शीतला माता मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा- अर्चना बड़े विधि- विधान से की जा रही है. मनोकामना मंदिर में उन लोगों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जो घर पर कलश स्थापना नहीं कर पाए. श्रद्धालु यहां आकर कलश स्थापना करते हैं. मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है. (नीचे भी पढे़ं)
नवरात्रि के शुभारंभ पर शहर भर में भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है. इसी तरह शीतला माता मंदिर में भी श्रद्धालु विधिवत कलश स्थापना कर रहे हैं. मंदिर परिसर में पूजा- पाठ, भजन और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है. शहरभर में देवी पंडालों की तैयारी जोरों पर है और दुर्गा मां की प्रतिमाओं का आगमन भी शुरू हो गया है.











