पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के जलडहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया था. सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ने बाइक सवार युवक गंगासागर टुडू को रौंद दिया. घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सुबह 8 बजे से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जाम की वजह से बेलटांड़ जोड़सा रोड, बेलटांड़ रघुनाथपुर रोड, जलडहर व गाड़ीग्राम समेत आसपास के इलाकों में यातायात ठप हो गया. स्कूली बच्चों से लेकर आम राहगीरों तक को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. दोपहर 1 बजे तक भी स्थिति जस की तस बनी रही. आक्रोशित ग्रामीण 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े हैं. (नीचे भी पढे़ं)
मृतक के परिजनों से संवेदना जताते हुए लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि गाड़ी मालिक चौका निवासी मिथुन सोरेन के प्रतिनिधि ने कोई सकारात्मक पहल नहीं की है. इसी कारण आंदोलन समाप्त नहीं हो पा रहा है. गाड़ी मालिक के आने और वार्ता होने के बाद ही जाम हटेगा. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में महिला–पुरुष लाठी-डंडों के साथ डटे हुए हैं और अन्य वाहनों को भी रोक रहे हैं. मौके पर पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं. मृतक गंगासागर टुडू दो भाइयों में बड़े थे. माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है. छोटे भाई हेमसागर टुडू का रो-रोकर बुरा हाल है. अविवाहित गंगासागर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.











