जमशेदपुर : भारत के अग्रणी बिजनेस स्कूलों में से एक एक्सएलआरआइ- जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने इनोवेशन और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. संस्थान ने नवोन्मेषी ऊर्जा समाधानों में अग्रणी कंपनी इकोरन एनर्जी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया. यह साझेदारी ऊर्जा क्षेत्र में अत्याधुनिक शोध, भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा का निर्माण और सतत विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित है. एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह में एक्सएलआरआई के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज एस.जे. और इकोरन एनर्जी के एचआर व टेक्नोलॉजी प्रमुख डॉ. स्वामी रेड्डी उराडी उपस्थित थे. इस अवसर पर एक्सएलआरआइ की ओर से कॉरपोरेट रिलेशंस एंड प्लेसमेंट के संयोजक प्रो. कनगराज ए., सह संयोजक प्रो. सुनील सरंगी (सह-संयोजक) और वरिष्ठ प्रबंधक हिमांशु शेखर के साथ-साथ इकोरन एनर्जी की ओर से रमेश नेति और ललिता रानी निस्संकराराव भी मौजूद थे. इस साझेदारी का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और उद्योग पेशेवरों के लिए प्रभावी अवसर सृजित करना है. (नीचे भी पढ़ें)

एक्सएलआरआई के निदेशक फादर डॉ सेबेस्टियन जॉर्ज ने कहा कि ‘एक्सएलआरआई में हम छात्रों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इकोरन एनर्जी के साथ यह सहयोग इनोवेशन को बढ़ावा देगा और हमारे स्नातकों को वैश्विक मंच पर नेतृत्व के लिए तैयार करेगा’. वहीं इकोरन एनर्जी के एचआर व टेक्नोलॉजी प्रमुख डॉ. स्वामी रेड्डी ने कहा कि ‘एक्सएलआरआई के साथ साझेदारी हमें देश के बेहतरीन प्रबंधन प्रतिभाओं तक पहुंच प्रदान करती है. हम संयुक्त शोध, नवाचार और छात्रों के लिए नए करियर अवसरों को बढ़ावा देने के लिए उत्साहित हैं’. (नीचे भी पढ़ें)
एमओयू के जरिए निम्नलिखित पहल की जाएगी
- लाइव केस स्टडीज: ऊर्जा क्षेत्र में रणनीति, सततता और डिजिटल परिवर्तन पर केंद्रित.
- संयुक्त शोध परियोजनाएं: ऊर्जा प्रबंधन और प्रौद्योगिकी की चुनौतियों का समाधान.
- विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम: उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप.
- नियुक्ति के अवसर: एक्सएलआरआई के बिजनेस मैनेजमेंट और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट छात्रों के लिए संरचित मार्ग.
- सीएक्सओ वार्ताएं: उद्योग नेताओं के साथ संवादात्मक सत्र.











