
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश से लोग बेहाल है. सोमवार रात से ही झमाझम बारिश हो रही है. बारिश मंगलवार को भी जारी है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है. इसके कारण राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के आसार है. बारिश के कारण कोलकाता के विभिन्न इलाकों की सड़कों और घरों के बाहर तालाब का नजारा है. बारिश के कारण अब तक 7 लोगों के मारे जाने की सूचना है. (नीचे भी पढ़े)

कोलकाता पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह 5.15 बजे हुसैन शाह रोड पर करंट लगने से जितेंद्र सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गयी.इसके अलावा बेनियापुकुर के फिरोज अली खान, नेताजी नगर निवासी प्राणतोष कुंडू, एकबलपुर की रहने वाले मुमताज बीबी की मौत हो गयी है. इसके अलावा दो अन्य लोगों की मौत करंट लगने हुई है. भारी बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति हो गयी है. जिसके के कारण रेल, सड़क, और मेट्रो का ट्रैफिक बाधित हो गया है. कोलकाता नगर निगम के अनुसार गरिया कमदहारी इलाके में 332 मिमी बारिश दर्ज हुई है.(नीचे भी पढ़े)

जोधपुर पार्क इलाके में 285 मिमी बारिश हुई. कहा जा रहा है कि कोलकाता में चालीस साल बाद ऐसी बारिश देखने को मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे में 251.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है. इससे पूर्व 1978 में 28 सितंबर को 370 मिलीमीटर और 26 सितंबर 1986 को 260 मिलीमीटर दर्ज की गयी थी. बारिश के कारण दुर्गा पूजा उत्सव पर प्रभाव पड़ रहा है. बारिश के कारण मेट्रो व रेल सेवा पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है. साथ ही अब 30 फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है.











