रांची / जमशेदपुर : झारखंड के अधिकांश जिले में मंगलवार सुबह से ही मौसम का रूख बदला है, जहां सुबह से रूक-रूक बारिश हो रही है. वहीं आज सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. इसी के साथ गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में येलो अलर्ट जारी है. बुधवार को सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान जिले के गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं गुरुवार को चार जिलों में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया. इस दौरान गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिम सिंहभूम जिले में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
मौसम विभाग रांची केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि यह बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर है. इसका प्रभाव झारखंड में अगले दो दिन तक रहेगा. इससे राज्यवासियों को सचेत किया गया है. उन्होंने बताया है कि यह दबाव बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों पर स्थित है. अगले 24 घंटे यह उसी क्षेत्र पर बना रहेगा और उसके बाद कमजोर होने की संभावना है. इस प्रभाव को देखते हुए झारखंड के लगभग सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. वहीं कुछ जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. उन्होंने जनता से अनुरोध किया है कि वे सतर्क रहें और आवश्यक सावधानी बरतें. इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना है.











