जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रेमी युगल ने विवाद के बाद नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है. सूत्रों के अनुसार, सोनारी बिरसा बस्ती की रहने वाली एक युवती और गणेश नामक युवक के बीच पिछले तीन-चार महीनों से शादी को लेकर बातचीत चल रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
गणेश राज्य के बाहर काम करता है और बुधवार को ही घर लौटा था. घर लौटने के बाद शादी से जुड़े किसी मुद्दे पर दोनों में कहासुनी हो गई, जो बढ़ते-बढ़ते गंभीर विवाद में बदल गई. विवाद के दौरान दोनों ने चरम कदम उठाने का निर्णय ले लिया और डोबो पुल पहुंचकर नदी में कूदने की कोशिश करने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने स्थिति को भांपते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें सोनारी थाना लाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
थाने में परिजनों को बुलाकर मामले को आपसी सहमति से सुलझाया गया. समझौते के बाद दोनों को घर भेज दिया गया. पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कदम न उठाएं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई. उन्होंने स्थानीय लोगों के तत्पर सहयोग की भी सराहना की.



