जमशेदपुर : टाटा स्टील के पूर्व चेयरमैन सर दोराबजी टाटा को उनके जन्मदिवस पर भावभिनी श्रद्धांजलि दी गयी. इस मौके पर जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम के सामने स्थित सर दोराबजी टाटा पार्क में उनकी भव्य प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने श्रद्धांजलि अर्पित की. उनके साथ टाटा स्टील के पूर्व डिप्टी एमडी डॉ टी मुखर्जी, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु समेत अन्य लोग मौजूद थे. सभी ने उनके प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग और उनके समर्पण को प्रणाम किया. कार्यक्रम का संचालन रुसी मोदी सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस की प्रभारी मरलिन अंकलसरिया ने किया. इस मौके पर अपने संबोधन में टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि जमशेदजी नसरवानजी टाटा ने यह विजन रखा था कि टाटा स्टील की स्थापना यहां की जानी है. लेकिन उसको धरातल पर उतारने का काम सर दोराबजी टाटा ने किया. सर दोराबजी टाटा को लोग कम ही जानते है लेकिन हकीकत यह है कि सर दोराबजी टाटा ने जो देश के लिए किया, अपने पिता के सपने को साकार करने के लिए किया, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण के लिए किये गये काम हमेशा अनुकरणीय है. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि सर दोराबजी टाटा ने विपरित परिस्थितियों में टाटा स्टील की स्थापना की. अपनी निजी संपत्तियों को गिरवीं रखकर कर्मचारियों का वेतन किया, कंपनी को बचाया, चलाया, ओलंपिक में भारतीय टीम को अपने खर्चे से भेजा, ऐसे कई संस्थान और कंपनियों को राष्ट्र को समर्पित किया, जिसको कभी भुलाया नहीं जा सकता है. टाटा स्टील के पूर्व डिप्टी एमडी डॉ टी मुखर्जी ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला और उनके जीवन से सीखने की गुजारिश सारे लोगों से की. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि आज का दिन उस बेटे को याद करने का है, जिन्होंने अपने सपने को ना सिर्फ साकार किया जबकि भारत को विकास का नया पंख लगाया, जिसके दम पर आज दुनिया में टाटा समूह और टाटा स्टील आगे बढ़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

हजारों हजार लोगों को नौकरियां सृजित कर देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाया. आज उनको श्रद्धांजलि देने का नहीं बल्कि उनके जीवन से सीख लेने की जरूरत है. टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी रितुराज सिन्हा, टाटा स्टील की चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, वीपी पियुष गुप्ता, टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, संजीव तिवारी, संजय सिंह, राजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष आमोद दुबे, सहायक सचिव नितेश राज, अजय चौधरी, डेजी ईरानी और श्यामबाबू मौजूद थे.



