जमशेदपुर : अमेरिका ने एक बार फिर से भारत पर 50 फीसदी का टैरिफ लगा दिया है. इसका क्या असर जमशेदपुर और टाटा स्टील या भारत पर पड़ेगा. इसको लेकर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने सर दोराबजी टाटा के श्रद्घांजलि कार्यक्रम के दौरान जानकारी पत्रकारों को दी. श्री नरेंद्रन ने कहा कि इसका असर टाटा स्टील पर सीधे तौर पर नहीं पड़ेगा क्योंकि जमशेदपुर या भारत से अमेरिका में स्टील का निर्यात नहीं किया जाता है. यूरोप प्लांट से अमेरिका निर्यात किया जाता है, जहां आंशिक तौर पर असर पड़ सकता है. लेकिन टाटा स्टील पर इसका असर नहीं पड़ेगा क्योंकि भारत में ही स्टील की खपत बढ़ रही है. भारत सरकार द्वारा लगातार सुधार के काम किये जा रहे है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था काफी मजबूत हुई है. (नीचे भी पढे़ं)
भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जीएसटी में बदलाव किये गये है, कई सारे नये रिफार्म किये जा रहे है. अमेरिकी टैरिफ का असर भारतीय टेक्सटाइल बिजनेस, ज्वेलरी, जेम्स पर जरूर पड़ेगा, लेकिन इससे भी बचाव के लिए भारत सरकार लगातार बैठक कर रही है, जिसका परिणाम सामने आ जायेगा. एक सवाल के जवाब में टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील 119 साल से लगातार देश की सेवा कर रही है और इस सेवा को जारी रखेगा. देश सेवा के लिए कंपनी लगातार तत्पर है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील आगे बढ़ेगी. हाइड्रोजन का इस्तेमाल भी बढ़ायेगी. इसके लिए प्रयास किये जा रहे है.



