सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जहां दिनदहाड़े बैंक एजेंट से हथियार के बल पर लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए गए. वारदात के दौरान अपराधियों ने फायरिंग भी की, हालांकि बैंक एजेंट बाल-बाल बच गए. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार आरबीएल बैंक के एजेंट नरन भगत लोन का पैसा कलेक्ट करने कपाली आए थे. अंसार नगर डेमडुबी मस्जिद हनफिया रज़विया इलाके से रुपया कलेक्ट कर वह पारडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तन्नू जनरल स्टोर के पास एक अज्ञात युवक ने उन्हें रोक लिया और उन पर बंदूक तानकर फायरिंग कर दी. नरन भगत गोली से बचने के लिए झुक गए, जिससे उनकी जान बच गई. (नीचे भी पढ़ें)
फायरिंग के बाद अपराधी उनका बैग छीनकर फरार हो गया. बैग में करीब 1.5 लाख रुपये, टैब और कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. बताया जा रहा है कि घटना में दो अपराधी शामिल थे. एक आरोपी पहले से बाइक लेकर थोड़ी दूर पर खड़ा था और वारदात के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए. उधर घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. एएसआइ मनोज कुमार मिश्रा ने जांच शुरू की और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. वहीं कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


















