रांची : झारखंड की राजधानी रांची के आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सतर्कता के साथ लगातार सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को ट्रेन संख्या 18615 (हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस) में आरपीएफ पोस्ट रांची के अधिकारी एवं स्टाफ द्वारा चांडिल से हटिया तक एस्कॉर्टिंग ड्यूटी की जा रही थी. ड्यूटी के दौरान ट्रेन के कीता रेलवे स्टेशन पार करने के उपरांत सामान्य कोच से शोर शराबे एवं अफरा-तफरी की आवाज सुनाई दी. तत्काल आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी सामान्य कोच में पहुंची, जहां एक युवक यात्रियों के बीच अवैध देशी पिस्तौल लहराकर उन्हें धमका रहा था तथा उसका एक अन्य सहयोगी यात्रियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था. इससे यात्रियों में भय एवं दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया.(नीचे भी पढ़े)
आरपीएफ एस्कॉर्ट टीम ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया तथा एक आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल बरामद किया. तलाशी लेने पर उनके पास से 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान रांची के बरियातू के सरताज कॉलोनी निवासी आकीब खान और रेहान खान बताया. घटना की सूचना तत्काल मण्डल सुरक्षा आयुक्त, रांची पवन कुमार को दी गई जिनके आदेश से त्वरित कार्यवाही करते हुए ट्रेन के रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उप निरीक्षक सूरज पांडेय, आरपीएफ पोस्ट रांची स्टाफ एवं आरपीएफ अपराध शाखा (सीआइबी) रांची की टीम मौके पर पहुंची. आगे पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें उक्त हथियार एवं कारतूस जमशेदपुर के एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास उपलब्ध कराया गया था. दोनों आरोपी उक्त ट्रेन के सामान्य कोच में सवार हुए थे. यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों ने आरोपियों को हथियार संभालते हुए देख लिया, जिससे यात्री भयभीत होकर शोर मचाने लगे. इसके बाद आरोपी पिस्तौल लहराकर एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए यात्रियों को धमकाने लगे.(नीचे भी पढ़े)
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे उक्त हथियार को रांची के स्थानीय क्षेत्र में आपूर्ति करने वाले थे. अतः एएसआई भुतेश झा द्वारा बरामद हथियार एवं कारतूस को विधिवत जब्त किया गया तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आरपीएफ अधिनियम की धारा 12 के तहत कार्रवाई की गई. सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के उपरांत दोनों आरोपियों को बरामद हथियार एवं कारतूस सहित आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी रांची को सुपुर्द कर दिया गया. जीआरपीएस, रांची द्वारा धारा 25(1बी)(ए)/27/35 शस्त्र अधिनियम 1959 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई में शामिल अधिकारी एवं स्टाफ में उप निरीक्षक सूरज पांडेय, एएसआई भुतेश झा, स्टाफ प्रमोद कुमार, एम अंसारी, नीरज कुमार, वीके मौर्य, सी कच्छप (आरपीएफ पोस्ट मुरी), अफरोज आलम एवं आरपीएफ अपराध शाखा (सीआइबी) रांची टीम शामिल है.


















