जमशेदपुर : जमशेदपुर से निकट कपाली में शनिवार रात मवेशियों की तस्करी को लेकर भारी हंगामा हुआ. गौरक्षा वाहिनी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने कमारगोड़ा हरि मंदिर के पास एक मालवाहक वाहन को रोककर उसमें बड़ी संख्या में ठूस-ठूस कर भर कर मवेशियों को ले जाते पकड़ा. लोगों का आरोप है कि मवेशियों को बेहद क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था. कई मवेशी घायल अवस्था में मिले, जबकि एक मवेशी की मौत होने की भी बात कही जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, लोगों को पहले से मवेशियों की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे कमारगोड़ा इलाके में निगरानी कर रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन पर शक होने पर उसे घेर कर रोकवाया गया. लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने वाहन खोलकर मवेशियों को बाहर निकाला. उधर घटना की सूचना मिलने पर वहां भारी भीड़ जुट गई. (नीचे भी पढ़ें)
गौरक्षा वाहिनी के सदस्यों ने बताया कि चालक को पकड़ने के दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है. वहीं सभी मवेशियों को गौशाला भेज दिया गया है. स्थानीय लोग कपाली में लगातार हो रही मवेशियों की तस्करी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं.







