पटना: बिहार में तरबूज खाने से एक ही परिवार के 8 लोगों की तबीयत बिगड़ गयी है. आनन-फानन में परिवार के कुछ सदस्य और आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक की हालत गंभीर बताई है. घटना बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव का है. घटना के बाद आसपास में दहशत और सनसनी फैल गयी है.जानकारी के मुताबिक, एक परिवार में बच्चे समेत 8 लोगों ने तरबूज खाया, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़नी शुरु हो गई. पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट, बेचैनी होने लगी. हालत बिगड़ते देख परिजनों उन्हें सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे इमरजेंसी से ही हायर सेंटर रेफर कर दिया है. (नीचे भी पढ़े)
जबकि सात लोगों का इलाज वहीं चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार 5 लोगों के हालत में सुधार होने के कारण डिस्चार्ज मिल गया है, लेकिन दो महिलाओं को भी अभी भी डॉक्टर निगरानी में रखे हुए हैं. इधर, सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आई और जांच शुरु कर दी. जांच के लिए फूड इंस्पेक्टर को जांच के आदेश दिए गए हैं. मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि तरबूज को जल्दी पकाने और लाल दिखाने के लिए आजकल लोग नाइट्रेट, एरिथ्रोसिन जैसे कृत्रिम रंगों या कैल्सियम कार्बाइड जैसे रसायनों का इस्तेमाल करते हैं, जो शरीर में जाकर गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बनते है. इसके अलावा लंबे समय से कटे हुए या खुले में रखे हुए तरबूज में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, जो संक्रमण को बढ़ा देते हैं. फिलहाल, पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.







