जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में मानगो निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुमताज पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शुक्रवार को दुखद मोड़ आ गया. गंभीर रूप से घायल मोहम्मद मुमताज की इलाज के दौरान रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मौत हो गई. वहीं पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार 10 मई रविवार को भालूबासा इलाके में कई युवकों ने मोहम्मद मुमताज पर भारी सामान और धारदार हथियार से हमला कर दिया था. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां आइसीयू में उनका इलाज चल रहा था. हालत लगातार नाजुक बनी रहने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया था. शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद घायल के छोटे भाई मोहम्मद फैयाज ने रोहित मुखी, राजू मुखी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी. फैयाज ने बताया कि मुमताज परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके पिता मोहम्मद बशीर ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है. इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि नामजद आरोपी रोहित मुखी और राजू मुखी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इधर, रांची से शव लाने के बाद शुक्रवार रात परिजनों और स्थानीय लोगों ने चेपा पुल के पास शव रखकर हंगामा किया और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. मौके पर मानगो के सीईओ, आजादनगर थाना प्रभारी पहुंचकर लोगों को शांत कराने में जुटी रही.







