
जमशेदपुर : जमशेदपुर में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना के साथ श्रद्धा एवं आस्था से वट सावित्री पूजा मनाई. सुबह से ही शहर के विभिन्न मंदिरों, नदी घाटों और बरगद के पेड़ों के पास महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बरगद वृक्ष की परिक्रमा कर अपने पति के सुखी एवं लंबी आयु की कामना की. इस दौरान साकची, बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, गोलमुरी और जुगसलाई समेत कई इलाकों में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. (नीचे भी पढ़ें)

महिलाओं ने पूजा सामग्री, फल, फूल, सिंदूर और पूजा के अन्य सामान की खरीदारी के लिए सुबह से बाजारों में भीड़ लगाई. कई स्थानों पर पंडितों द्वारा सामूहिक पूजा कराई गई, जहां महिलाओं ने वट वृक्ष में कच्चा धागा बांधकर सावित्री और सत्यवान की कथा सुनी. मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने से वैवाहिक जीवन सुखमय रहता है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है. पूजा को लेकर शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया और मंदिरों में देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.







