जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक नेपाल होटल में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास स्थित एक चर्चित नेपाली होटल की है, जहां सुबह करीब 4 बजे अचानक आग भड़क उठी. आग लगने के दौरान होटल में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के लोग दहशत में आ गए. सिलेंडर ब्लास्ट की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक होटल में रखा फर्नीचर, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं.







