जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टाटा स्टील प्लांट परिसर में टाटा स्टील सिक्योरिटी ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक बड़े चोरी प्रयास को विफल कर दिया. यह घटना मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे की है, जब सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीन अपराधियों को चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई निवासी मो. चांद, मो. बाबू और मो. शहबाज के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी प्लांट परिसर के भीतर से कंपनी के बहुमूल्य सामान की चोरी की योजना बना रहे थे, लेकिन सुरक्षा जवानों की मुस्तैदी के कारण उनका प्रयास नाकाम हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील सिक्योरिटी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा और प्लांट परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को साबित किया है. तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंपा जाएगा. वहीं, मामले में विभागीय और कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.







