जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित बीपीएम प्लस टू हाई स्कूल में बुधवार को ई-डिजिटल इंडिया एवं क्वेस कॉर्प के संयुक्त तत्वावधान में करियर जागरूकता एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कौशल विकास, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ना था. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, तकनीकी शिक्षा तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या रंजिता गांधी, क्वेस कॉर्प के प्रतिनिधि सुमित दत्ता तथा ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा और उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराया. प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 15 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनमें 10 पुरुष एवं 5 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं. चयनित विद्यार्थियों को क्वेस कॉर्प एवं अर्का जैन यूनिवर्सिटी द्वारा संचालित फ्री डिप्लोमा इन मेकाट्रॉनिक्स कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. प्रशिक्षण के साथ-साथ उन्हें उद्योगों में कार्य करने का अवसर भी मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को प्रतिमाह 13 हजार रुपये तक इंसेंटिव प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा. इस अवसर पर ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त, कौशलयुक्त और रोजगार योग्य बनाना है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें. विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर प्रदान करते हैं. इससे युवाओं को अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुनने में मदद मिलती है तथा उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर प्राप्त होता है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की. आयोजन को विद्यार्थियों और शिक्षकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली.







