जादूगोड़ा : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जादूगोड़ा मंडल भारतीय जनता युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा की ओर से ईंटा भट्ठा नवरंग मार्केट स्थित बूथ संख्या 198 एवं 200 में पौधारोपण किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जादूगोड़ा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम सिंह ने की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए. यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है. भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन ने कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं. पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सभी को प्रकृति के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहित सिंह परमार ने कहा कि “‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है. पौधा रोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है. हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य स्वतः पूरा हो जाएगा. इस अवसर पर महिला मोर्चा मंडल महामंत्री रीना माहली, रतनी पात्रो, युवा मोर्चा मंडल महामंत्री रोहित अग्रवाल, मंडल मंत्री राजीव मुखी सहित बड़ी संख्या में युवा साथी, माताएं एवं बहनें उपस्थित रहीं.







