चक्रधरपुर: भीषण गर्मी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा एवं राहत के लिए चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान सांसद जोबा माझी और तरुण हुरिया ने स्काउट एंड गाइड्स के कैडेटों के साथ मिलकर दक्षिण बिहार एक्सप्रेस के यात्रियों के बीच शीतल पेय पदार्थों का वितरण किया. कार्यक्रम के दौरान ट्रेन के विभिन्न कोचों में जाकर यात्रियों को ठंडे पेय उपलब्ध कराए गए. इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के बीच यात्रा कर रहे लोगों को राहत पहुंचाना तथा रेलवे की जनसेवा भावना को मजबूत करना था. यात्रियों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
सांसद जोबा माझी ने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और रेलवे द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास यात्रियों को राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वहीं डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे. इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट एंड गाइड्स के सदस्य तथा बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे. कार्यक्रम के माध्यम से यात्रियों को सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी दिया गया.







