जमशेदपुर: जमशेदपुर के बारीगोड़ा रेलवे फाटक में ओवर ब्रिज बनाने की मांग को लेकर रविवार को पंचायत प्रतिनिधियों और बस्तीवासियों ने धरना प्रदर्शन किया. बस्तीवासियों ने टायर जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया. बस्तीवासियों ने जमकर नारेबाजी भी की. पंचायत प्रतिनिधियों और बस्तीवासियों ने बताया कि बारीगोड़ा में रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए तीन साल पहले शिलान्यास हो चुका है. (नीचे भी पढ़े)
लेकिन शिलान्यास के बाद किसी तरह का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से वे नाराज हैं. रेलवे ने जल्द से जल्द ओवरब्रिज निर्माण को धरातल पर उतारने का वादा किया था. इसलिए रेलवे जल्द से जल्द योजना को धरातल पर उतारकर डेढ-दो लाख लोगों को राहत देने का काम करे. मुखिया सुनीता नाग ने बताया कि ओवरब्रिज का निर्माण जल्द नहीं होने से पूरे क्षेत्र के लोग शहर से कटे हुए हैं. बारीगोड़ा फाटक हमेशा बंद रहता है. (नीचे भी पढ़े)
जिसकी वजह से शहर की ओर जाने में बहुत दिक्कत होती है. इतना ही नहीं बस्ती क्षेत्र से किसी मरीज को अस्पताल ले जाने में बहुत परेशानी होती है. इसलिए जनहित को ध्यान में रखकर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू किया जाना चाहिए. सुनीता नाग ने कहा कि अभी बस्तीवासी केवल सांकेतिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं. इसके बाद भी रेलवे द्वारा निर्माण कार्य को शुरू करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.







