चांडिल : सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चांडिल पुलिस ने रविवार को आसनबनी पंचायत सचिवालय में जागरूकता अभियान चलाया. थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुखिया, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. अभियान के दौरान बाल विवाह, डायन प्रथा, बच्चा चोरी की अफवाह, साइबर अपराध, डायल-112 सेवा, नशा मुक्ति तथा सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न अपराधों और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के उपाय बताते हुए कानून के प्रति सजग रहने का संदेश दिया.(नीचे भी पढ़े)
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने से समय रहते उचित कार्रवाई संभव हो पाती है. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और सनसनीखेज खबरों से सावधान रहने तथा किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की.उन्होंने कहा कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहें कई बार सामाजिक तनाव और अप्रिय घटनाओं को जन्म देती हैं. (नीचे भी पढ़े)
इसलिए लोगों को अफवाहों से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए. साथ ही बाल विवाह, डायन प्रथा और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है.कार्यक्रम में मुखिया बिदु मुर्मू, ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव, रवींद्र तंतुबाई, उपमुखिया प्रदीप महतो, शंकर मंडल सहित पुलिस पदाधिकारी, सहिया एवं ग्रामीण मौजूद रहे. अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया.







