जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया मौजा स्थित खदान के संचालक नवीन कुमार सिंह ने 7 लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, कर्मचारियों को धमकाने और खनन कार्य बाधित करने का आरोप लगाया है. उनकी लिखित शिकायत के आधार पर कमलपुर थाना में कांड संख्या 19/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत के अनुसार, ओड़िया मौजा के लायाडीह टोला स्थित खाता संख्या 624, प्लॉट संख्या 1988 में आठ एकड़ क्षेत्रफल वाली खदान का खनन पट्टा अक्तूबर 2027 तक वैध है. ( नीचे देखें पूरी खबर)

आरोप है कि कुछ ग्रामीणों द्वारा खदान संचालन के एवज में रंगदारी के रूप में पैसे की मांग की जाती थी. शिकायतकर्ता ने लक्ष्मीपद मुर्मू, रंजीत मुर्मू, बुलेट हेंब्रम, श्रीराज मुर्मू, गिरीनाथ मुर्मू, परशुराम मुर्मू और द्विजपद मुर्मू समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया है. नवीन कुमार सिंह का आरोप है कि करीब तीन माह पूर्व तीन लाख रुपये की मांग की गई. राशि देने में असमर्थता जताने पर खदान बंद कराने तथा जान से मारने की धमकी दी गई. 10 सितंबर को कुछ लोग लाठी-डंडे समेत अन्य हथियारों के साथ खदान पहुंचे और कर्मचारियों को धमकाया. ( नीचे देखें पूरी खबर)
इस दौरान पोकलेन ऑपरेटर किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा. खदान बंद रहने के कारण वहां पानी भर गया है, जिससे दो-तीन करोड़ रुपये मूल्य की पोकलेन (हिटेची) समेत अन्य वाहन पानी में फंसे होने की बात कही गई है. शिकायतकर्ता ने पिछले करीब छह माह से खनन कार्य प्रभावित होने और लाखों रुपये के नुकसान का भी दावा किया है. कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि खदान मालिक की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. गुरुवार को पुलिस टीम स्थल निरीक्षण के लिए ओड़िया गांव पहुंची थी. इस दौरान ग्रामीणों से पूछताछ भी की गई और पूरे मामले की जांच की जा रही है.




