
जमशेदपुर : दुर्गा पूजा को लेकर जमशेदपुर शहर में पूजा समितियों की ओर से पंडाल निर्माण समेत अन्य तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. वहीं जिला प्रशासन ने भी प्रतिमा विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न विसर्जन घाटों पर गुरुवार से सफाई, समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया. इससे एक दिन पहले बुधवार को एसडीएम अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में सिटी एसपी ललित मीणा और जेएनएसी के नगर आयुक्त ने स्वर्णरेखा नदी के विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया था. अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का जायजा लिया. (नीचे देखें पूरी खबर)

निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए. निर्देश के आलोक में गुरुवार को जेसीबी मशीन की मदद से घाटों के आसपास जमीन को समतल करने, गड्ढों को भरने और जमा गंदगी को हटाने का काम शुरू किया गया. प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और घाटों के आसपास भी साफ-सफाई एवं समतलीकरण कराया जा रहा है, ताकि पूजा समितियों और श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो. प्रशासन ने विसर्जन के दौरान नदी में पूजन सामग्री, फूल-माला, प्लास्टिक और थर्माकोल समेत अन्य कचरा जाने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. घाटों पर पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है. प्रशासन का जोर विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नदी की स्वच्छता बनाए रखने पर है. आगामी दिनों में घाटों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी.




