जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा में प्रेमी युगल की शादी को लेकर बुलाई गई ग्रामसभा के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है. मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा न्यायालय में दंडाधिकारी के समक्ष उसका धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया. वहीं युवक के पिता ने भी परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने गांव के चार नामजद लोगों सहित कई अज्ञात व्यक्तियों पर गाली-गलौज, मारपीट और परिवार के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस शिकायत पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर सरजामदा में प्रेमी युगल के संबंध को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई थी. बैठक में दोनों की शादी कराने का निर्णय सुनाया गया. इस फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम को भी ग्रामीणों के विरोध और घेराव का सामना करना पड़ा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.








