रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिम सिंहभूम के अध्यक्ष सह जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के आदेशानुसार प्रखंड चक्रधरपुर की चैनपुर पंचायत में 90 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान (डॉन योजना) के तहत नशा मुक्ति एवं निःशुल्क विधिक सेवा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया.शिविर में अधिकार मित्र राजशेखर रवानी ने ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, उसकी संरचना एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है.(नीचे भी पढ़े)

अधिकार मित्र श्वेता रवानी ने घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, मानव तस्करी, डायन प्रथा, दहेज प्रथा, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (पॉश एक्ट 2013), वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम, बच्चों से संबंधित प्रायोजन योजना, मध्यस्थता, राष्ट्रीय लोक अदालत एवं श्रमिक निबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी.इस अवसर पर डॉन योजना के तहत नशा मुक्ति अभियान पर विशेष चर्चा की गई. वक्ताओं ने बताया कि नशे के कारण व्यक्ति को मानसिक, शारीरिक, सामाजिक एवं आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ता है तथा कैंसर, टीबी जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. समाज में भी व्यक्ति की छवि प्रभावित होती है. ग्रामीणों से नशामुक्त समाज निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई.(नीचे भी पढ़े)
शिविर में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से “नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां” तथा “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संकल्प लिया और नशामुक्त गांव एवं समाज बनाने की शपथ ली.
अधिकार मित्र करण कुंभकार ने उपस्थित ग्रामीणों को नालसा एप एवं टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट का वितरण किया.कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया साहब हेंब्रम, पंचायत सचिव, जल सहिया, आंगनबाड़ी सेविका, सीआरपी राकेश्वरी महतो, शत्रुघ्न प्रधान, मुकेश कुंभकार, लक्ष्मी जामुदा, शशि बाला उरांव, जयश्री मंडल, सुषमा नायक, सुखमति देवी, पुष्पा नापित, ललिता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.







